[ अजय कुमार ]
नई दिल्ली :
राजनीतिक खींचतान के बीच एक घटनाक्रम सामने आयी है, इससे पहले असम के मुख्यमंत्री सरमा ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप से मिली गलत जानकारी का इस्तेमाल करके उनकी पत्नी पर आरोप लगाए हैं।
पुलिस खेड़ा के घर
असम पुलिस की एक टीम मंगलवार ( आज 7 अप्रैल, 2026) को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची है। यह टीम असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनके परिवार पर लगाए गए आरोपों से जुड़े एक मामले के सिलसिले में पूछताछ करने के लिए वहां गई है।
साथ में दिल्ली पुलिस
पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि टीम ने वहां पहुंचने पर दिल्ली पुलिस को औपचारिक रूप से सूचित किया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस की एक टीम भी उनके साथ शामिल हो गई और इस पूरी प्रक्रिया में उनकी सहायता कर रही है।
पत्नी को बदनाम कर रहे हैं : सीएम सरमा
मुख्यमंत्री सरमा ने सोमवार (6 अप्रैल, 2026) को कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाया कि वह 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले उनके और उनकी पत्नी रिंकी भुइयां सरमा के खिलाफ “विदेशी प्रभाव वाला गलत सूचना अभियान” चला रही है।
पाकिस्तान से संबंध के आरोप
उन्होंने यह भी दावा किया कि रविवार (6 अप्रैल, 2026) को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा उनकी पत्नी पर लगाए गए “गंभीर आरोपों” का पाकिस्तान से संबंध था।
खेड़ा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज
सरमा ने कहा कि उनकी पत्नी ने असम पुलिस की क्राइम ब्रांच में पवन खेड़ा और अन्य लोगों के खिलाफ एक एफआईआर कराई है। यह एफआईआर उन दावों के विरोध में है, जिनमें कहा गया था कि उनके पास तीन देशों के पासपोर्ट हैं, जिनमें दो इस्लामिक देश शामिल हैं, दुबई में उनकी एक आलीशान प्रॉपर्टी है और अमेरिका के व्योमिंग में उनके लाखों के निवेश हैं।
पवन खेड़ा हैदराबाद चले गये : सीएम सरमा
असम के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी में उनके घर पर असम पुलिस की तलाशी के बाद, पवन खेड़ा नई दिल्ली से हैदराबाद चले गए।
उन्होंने एएन आई से कहा, वह कल गुवाहाटी से भाग गए। मुझे मीडिया के ज़रिए पता चला है कि पुलिस उनके दिल्ली वाले घर पर गई थी, लेकिन वह हैदराबाद भाग गए हैं। कानून अपना काम करेगा। सरमा ने पवन खेड़ा को गाली भी दिया ।
पवन खेड़ा ने हाल ही में सीएम सरमा की पत्नी की कथित विदेशी संपत्तियों के बारे में स्पष्टीकरण मांगा था, जिसके बाद शिकायत दर्ज की गई और पुलिस ने कार्रवाई की।
विपक्ष को चुप कराने के लिए ‘विच हंट’ : सरमा घबराए हुए हैं : कांग्रेस
नई दिल्ली में खेड़ा के घर पर पुलिस टीम के पहुंचने के तुरंत बाद, कांग्रेस ने मंगलवार (7 अप्रैल, 2026) को असम के मुख्यमंत्री सरमा पर तीखा हमला बोला और कहा कि यह एक “विच हंट” है, जिसमें एक दबंग राज्य मशीनरी का इस्तेमाल करके विपक्ष की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रहा है।
कांग्रेस के संचार प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि जनहित में बुनियादी सवाल पूछने के लिए अपने सहयोगी को गिरफ़्तार करने के लिए पुलिस अधिकारियों की पूरी फ़ौज तैनात करना, यह साबित करता है कि असम के मुख्यमंत्री “परेशान, हताश और बौखलाए हुए” हैं।
सही कानूनी प्रक्रिया नहीं : जयराम रमेश
जयराम रमेश ने एक्स पर कहा, “यह कोई सही प्रक्रिया नहीं है, बल्कि एक तरह का ‘विच हंट’ (बदले की कार्रवाई) है। यह एक दबंग व्यक्ति द्वारा सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल करके विपक्ष की उस आवाज़ को दबाने और खामोश करने की कोशिश है, जो उसके कई काले कारनामों को उजागर कर रही है। जो लोग डराते-धमकाते हैं, असल में वही लोग डरे हुए होते हैं और उनके पास छिपाने के लिए बहुत कुछ होता है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह इस बात का भी सबूत है कि मुख्यमंत्री को अपनी आसन्न हार का सामना करना पड़ रहा है।