दुनिया भर में अमीरों के आंकड़े तो आपने बहुत देखे होंगे, न्यू वर्ल्ड वेल्थ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया भर में सबसे ज्यादा संपत्ति ईसाइयों के पास है, इसके बाद मुसलमानों और फिर हिंदुओं का नंबर आता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया भर में सबसे ज्यादा संपत्ति ईसाइयों के पास है, उसके बाद मुसलमानों और फिर हिंदुओं का नंबर आता है। वहीं दुनिया की संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा उन लोगों के पास भी है, जो किसी भी धर्म को नहीं मानते हैं।
ईसाइयों की संपत्ति
न्यू वर्ल्ड वेल्थ की रिपोर्ट के अनुसार, धर्म के आधार पर ‘हाई नेट वर्थ इंडिविजुअल्स’ (1 मिलियन अमरीकी डॉलर या उससे ज्यादा) के मामले में ईसाइयों का दबदबा है, ईसाई धर्म के लोगों के पास 107,280 बिलियन अमेरिकी डॉलर की संपत्ति है, जो दुनिया की कुल संपत्ति का 55 प्रतिशत है।
मुसलमानों और हिंदुओं की संपत्ति
ईसाईयों के बाद मुसलमानों का नंबर आता है, दुनिया भर के मुस्लिम समुदाय के लोगों के पास 11,335 बिलियन संपत्ति है, जो दुनिया की कुल संपत्ति का 5.9 प्रतिशत है, तीसरे नंबर पर हिंदू धर्म के लोग हैं, जिनके पास 6,505 बिलियन (3.3 प्रतिशत) संपत्ति है, वहीं यहूदी धर्म के लोगों के पास कुल संपत्ति 2,079 बिलियन अमेरिकी डॉलर है, जो 1.1 प्रतिशत है।
रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के 10 सबसे अमीर देशों में से सात ईसाई हैं। वहीं, दुनिया की कुल संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा (67,832 बिलियन अमरीकी डॉलर) ऐसे लोगों के पास है, जो किसी भी धर्म को नहीं मानते हैं, यह दुनिया के कुल संपत्ति का 34.8 प्रतिशत है।
बढी है अरबपतियों की संख्या
दुनिया में अरबपतियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और इस मामले में अब चीन ने अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है, ताजा रिपोर्ट के मुताबिक वैश्विक स्तर पर कुल 4,021 अरबपति हैं, जिनमें से अकेले चीन में ही 1,110 अरबपति हो चुके हैं। शंघाई स्थित रिसर्च संस्था हुरुन रिपोर्ट की ओर से जारी ग्लोबल रिच सूची में यह जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार चीन में पिछले एक साल में 287 नए अरबपति जुड़े हैं, चीन में बने नए अरबपतियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बड़ी भूमिका रही है। उदाहरण के तौर पर एआई स्टार्टअप मिनीमैक्स के यान जूनजी करीब 3.6 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ अरबपतियों की सूची में शामिल हुए हैं। वहीं एआई कंपनी झीपू एआई के संस्थापक भी लगभग 1.2 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ इस सूची में शामिल हुए हैं।
आर्टिफिसियल इंटेलिजेंस ने बनाया अमीर
वैश्विक स्तर पर एआई सेक्टर की वजह से 114 नए अरबपति बने हैं, जिनमें से 46 पहली बार इस सूची में शामिल हुए हैं। अरबपतियों की संख्या के मामले में अमेरिका 1,000 अरबपतियों के साथ दूसरे स्थान पर है, जहां पिछले एक साल में 130 नए अरबपति जुड़े हैं, वहीं भारत 308 अरबपतियों के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके बाद 171 अरबपतियों के साथ जर्मनी चौथे स्थान पर है, जिसने ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है।
अरबपतियों में अव्वल अमेरिकी
हालांकि कुल संपत्ति के मामले में अब भी अमेरिकी टेक दिग्गजों का दबदबा बना हुआ है, एलन मस्क करीब 792 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं, उनके बाद जेफ बेजोस लगभग 300 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि लैरी पेज करीब 281 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
एलन मस्क पिछले छह वर्षों में पांचवीं बार दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हैं, उनकी कुल संपत्ति में करीब 89 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जिसकी बड़ी वजह टेस्ला के शेयरों में आई तेज उछाल को माना जा रहा है, जो दोगुने होकर लगभग 411 डॉलर तक पहुंच गए हैं।