[अजय कुमार]
भारत के व्यापार मंत्रालय ने आज गुरुवार को बताया कि सरकार उन शिपमेंट के लिए बीमा कवर में सहायता देगी जो संघर्ष-ग्रस्त रास्तों से होकर गुज़रते हैं, क्योंकि निर्यातकों को लॉजिस्टिक्स¹ की तेज़ी से बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है।
- (किसी भी वस्तु या कच्चे माल को उसके मूल स्थान से लेकर अंतिम उपभोक्ता तक कुशलतापूर्वक पहुँचाने की प्रक्रिया)
बीमा बिलों में हुई बढ़ोतरी
मंत्रालय ने बताया कि संघर्ष-ग्रस्त पश्चिम एशिया से होकर गुज़रने वाले रास्तों पर माल ढुलाई और बीमा के बिलों में भारी बढ़ोतरी हुई है और निर्यातक इन लागतों का बोझ ग्राहकों पर डालने में सीमित रूप से ही सक्षम हैं।
नई दिल्ली ने प्रभावित कॉरिडोर से गुज़रने वाली शिपमेंट के लिए इंश्योरेंस कवर देने के लिए 4.97 अरब रुपयों की एक योजना शुरू की है, ताकि लागत को स्थिर रखा जा सके और ऑर्डर रद्द होने से रोका जा सके।
निर्यात प्रोत्साहन मिशन योजना
आज गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा, कि ‘निर्यात प्रोत्साहन मिशन’ के तहत एक नई योजना की घोषणा की गयी है। यह योजना विशेष रूप से उन निर्यातकों पर केंद्रित है जो उन 17-18 भौगोलिक क्षेत्रों से जुड़े हैं, जो संघर्ष के कारण प्रभावित हुए हैं। इसका उद्देश्य उन कुछ चुनौतियों को कम करना है जिनका सामना हमारे निर्यातक कर रहे हैं।”
इस रिलीफ योजना के तहत, जिसमें एक्सपोर्ट क्रेडिट गारंटी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया को लागू करने वाली एजेंसी बनाया गया है, इस पैकेज में निर्यात दायित्वों का स्वत: लॉजिस्टिक्स सहायता और शिपिंग में होने वाली देरी को संभालने के लिए संभावित वित्तीय उपाय शामिल हैं।
खाड़ी देशों के खेप शामिल
रिलीफ योजना में मुख्य रूप से वे खेप शामिल हैं जिन्हें यूएई, सऊदी अरब, कुवैत, कतर, ओमान, बहरीन, इराक, ईरान, इज़राइल और यमन में पहुँचाया जाना है या वहाँ से आगे भेजा जाना है।
कल बुधवार को एक अंतर-मंत्रालयीन ब्रीफिंग के दौरान बोलते हुए, शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव ने कहा, कि अब अतिरिक्त युद्ध जोखिम प्रीमियम लगाया जा रहा है। सामान्य परिस्थितियों में, यह बहुत कम होता है, लगभग 0.01 प्रतिशत या 0.02 प्रतिशत।
जोखिम की संभावना से बीमा राशि में बढ़ोतरी
विशेष सचिव शिपिंग मंत्रालय के मुताबिक प्रीमियम जहाज़ के मार्ग में जोखिम की संभावना के आधार पर बढ़ता है, खासकर तब जब वह संघर्ष वाले क्षेत्रों में प्रवेश करता है, यदि कोई जहाज़ किसी युद्ध क्षेत्र में प्रवेश करता है, ऐसे इलाके से गुज़र रहा होता है, या किसी भी ज़्यादा जोखिम वाले क्षेत्र में जाता है, तो युद्ध जोखिम प्रीमियम बढ़ जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि बीमा कंपनियाँ इस क्षेत्र में मौजूद सुरक्षा खतरों के आधार पर इन प्रीमियम का आकलन और निर्धारण करती हैं।
उर्जा आपूर्ति की अनिश्चितता
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच, सिन्हा ने यह भी कहा कि भारत भर के किसी भी बंदरगाह पर किसी तरह की भीड़भाड़ की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है; उन्होंने यह आश्वासन दिया कि समुद्री परिचालन और माल की आवाजाही सुचारू रूप से चल रही है और उन पर कड़ी नज़र रखी जा रही है।
विशेष सचिव ने बताया कि विशाखापत्तनम बंदरगाह प्राधिकरण ने माल की आवाजाही में किसी भी संभावित वृद्धि से निपटने के लिए लगभग 2,250 वर्ग मीटर अतिरिक्त भंडारण स्थान तैयार किया है।
उन्होंने मुंद्रा पोर्ट का उदाहरण दिया, जहाँ लगभग चार लाख टीईयू² की कुल कंटेनर हैंडलिंग क्षमता के मुकाबले, मौजूदा ऑक्यूपेंसी लगभग 25 प्रतिशत है।
- (20-फुट कंटेनर (20 फीट × 8 फीट × 8.5 फीट = एक टीयूई)